सोमवार, 18 मई 2015

कविता

ऐसा क्यों है?

वह समय का पाबंद है
पल भर इधर न उधर
न वह किसी के लिए रुकता है,
और न ही वह किसी की प्रतीक्षा करता है।

और प्राच्य-क्षितिज के किसी उस सुनहरे गवाक्ष से
नियत समय पर उसके सुनहरे कदमों की आहट आने लगी
उसके खिलखिलाहट की मधुर रश्मि-ध्वनियाँ भी -
क्षितिज में बिखरने लगी
और गूँजने लगी उसकी मनुहार
प्यार और दुलार-भरी पुचकार,
एक आह्वान गीत की तरह।

अपने दोनों पंख फैला दिये,
आसमान की ओर स्वागत में
और समवेत् हर्ष-निनाद किया,
सुषुप्तावस्था त्याग, अभी-अभी उठे,
आँखें मलते, अलसाये, अंकुरित होते बीजों ने।

उसके स्वागत के लिए आतुर दरख्तों ने
झूम-झूमकर जीवन-गीत गाये
चंचल हवाओं ने साथ दिया,
और उन सुंदर गीतों को अपने
सुरभित-मधुर, शीतल-सुकोमल, संगीत से सजाये।

नन्हीं पक्षियों ने भी अपने पंख खोले
और खेलने लगे सुंदर जीवन-नृत्य का खेल
गाने लगे प्रेम के अमर गीत
निःसृत होता है जो
प्रेमियों के अनुराग भरे,
निःश्छल हृदय की, अनंत गहराइयों से;
और फिर उड़ चले वे
आसमान की ऊँचाइयों को नापने
संकल्प और सफलता का संदेश लेकर।

उसने हर्षित होते हुए कहा -
’’ठहरो! साथियों, मैं भी आ रहा हूँ
बड़े प्यारे, और -
बहुत सुंदर लगते हो तुम लोग मुझे।

तुम्हीं हो, तुम्हीं तो हो 
जिनके बीच रहने की,
जिनके जीवन का संगीत सुनने की
अनंत अभिलाषा थी मेरी
जो जय-उद्घोष है, जीवन के पूर्णता की।

हाँ! तुम्हीं हो, तुम्हीं हो
जिनके जीवन-नृत्य देखने
कब से तरसती थीं मेरी आँखें
जिसे देख रुकते नहीं हैं मेरे पैर
झूम-झूम उठती है मेरी आत्मा
और तब!
सारी आकुलता और सारी व्याकुलता
हो जाती हैं तिरोहित,
जाने कहाँ, सदा-सदा के लिए।

हाँ! हाँ! तुम्हीं हो वे लोग
जिनके प्रेम-गीत सुनने के लिए
जाने कब से तरसता था मेरा हृदय
जो उतर जाती है,
शीतलता का स्पर्श देते हुए
हृदय की अतल गहराइयों में
अमरता का संदेश लेकर।’’

पर जल्द ही वह चैक उठा
उसका उत्साह, उसकी खुशी, जाती रही
जब उसने आस-पास कहीं नहीं देखा, कोई मनुष्य।

उसने अपने दोनों हाथ ऊपर लहराते,
झूमते, मस्ती में गाते,
अंकुरित होते, बीजों से पूछा -
’’हे! नन्हे प्यारे साथियों!
मनुष्य कहीं क्यों नहीं दिखता?’’

नन्हें अंकुरों के खिले चेहरे मुरझा गये
उन्होंने खेत की ओर जाते -
किसी मुरझाये,
उदास-हताश-निराश किसान को देखा
देखा तो उनके पैरों ने थिरकना बंद कर दिया
कंठ ने गीत गाने से इंकार कर दिया
सब ने एक समवेत आह भरी,
और समवेत स्वर में ही उन्होंने कहा - ’’मनुष्य?’’

उसने भी देखा
उस उदास-हताश-निराश किसान को
उसे यह दृश्य बड़ा अजीब लगा
उसनें अंकुरों से पूछा -
’’यह इतना उदास-हताश और निराश क्यों है?’’

अंकुरों ने एक दूसरे को प्रश्नवाचक दृष्टि से देखा
और उन्होंने भी समवेत स्वर में प्रश्न किया -
’’हाँ! हाँ! भला क्यों है यह
इतना उदास-हताश और निराश?’’

उसने दरख्तों के साथ जीवन का गीत गाते
उन गीतों को मधुर संगीत से सजाते, हवाओं से पूछा -
’’हे! जीवन-संगीत के सर्जकों
यह तो बताओ, मनुष्य कहीं क्यों नहीं दिखता?’’

हवाओं ने कुछ दूर किसी कारखाने की
आसमान में काली लकीरें बनाती चिमनियों को देखा
और फिर वहाँ से निकलकर आते,
सड़क पर घसीटते-चलते,
मरियल-मटियल, मजदूरों के दल को देखा
और गहरी साँसे लेते हुए कहा - ’’मनुष्य?’’

उसने भी देखा
सड़क पर घसीट कर चलते,
मरियल-मटियल, मजदूरों के झुण्ड को
उसे आश्चर्य हुआ, यह दृश्य देखकर
उसनें हवाओं से पूछा -
’’जीवन-संगीत देने वाले साथियों, बताओंगे? -
ये इतने अशक्त, इतने मरियल, इतने मटियल क्यों है?’’

जीवन-संगीत रचने वाले हवाओं ने भी कहा -
’’हाँ! हाँ! ये इतने अशक्त,
इतने मरियल, इतने मटियल क्यों है?’’

अंत में उसने हताश स्वरों में
जीवन गीत गाते,
मस्ती में झूमते दरख्तों से पूछा -
’’जीवन-गीत गाने वाले मित्रों! आखिर बताओगे?
मनुष्य कहीं क्यों नहीं दिखता यहाँ?’’

दरख्तों ने घाट पर एक दिव्य व्यक्तित्व की ओर देखा
दिव्य मंत्रोंच्चार के साथ जो मस्त था, आरती करने में।
स्वर्ण आभूषणों से आभूषित
किसी दिव्य वाहन में सवार एक परिवार की ओर देखा।
और सहमते हुए कहा - ’’मनुष्य,
मित्र! मनुष्य आते तो हैं यहाँ, पर कभी-कभी,
सदियों बाद।’’

उसने कहा -
’’मनुष्य क्या इतने दुर्लभ हो गये हैं?

दरख्तों ने निराश स्वरों में कहा -
’’हाँ मित्र! मनुष्य इतने दुर्लभ हो गए हैं।


नन्हीं-नन्हीं पक्षियाँ भी सुन रही थी,
समझ रही थी ओर गुन भी रही थी
उसके और दरख्तों की बातों को
सबने फुदकना बंद कर दिया
और अचानक सबने एक साथ कहा -
’’हाँ, हाँ, मित्र! मनुष्य बड़े दुर्लभ हो गए हैं
सदियों बाद ही दिख पाता है कोई...’’

और सबने अपने-अपने पंख खोले
हवा में लहराए,
आश्चर्य में अपने-अपने सिर हिलाए
और आसमान का सीना चीरने लगे
उड़ते हुए सबने फिर एक साथ कहा -
’’पर, पता नहीं क्यों?’’
000
kuber

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें