गुरुवार, 31 दिसंबर 2015

व्यंग्य

व्यंग्य

बहुरूपिया

दो समाज सेवक हैं। इन दोनों को देखकर बड़ा ताज्जुब होता है। शारीरिक संरचना, चेहरा-मोहरा, व्यवहार-विचार, और प्रवृत्तियाँ सब कुछ एक जैसे; मानो जुड़वाँ हों।

पहला व्यक्ति है मालिकचंद, यथा नाम तथा गुण। ये बहुत बड़े कारोबारी हैं। इनके हजारों कर्मचारी हैं। कर्मचारियों को विधि द्वारा स्थापित नियमों के अनुसार वेतन-भत्ते दिये जाते हैं। नियम के मुताबिक कर्मचारियों को प्रतिमाह वेतन भुगतान हो जाने चाहिए, पर ऐसा कभी होता नहीं है। वेतन के लिए कर्मचारियों को कभी-कभी दो-दो, तीन-तीन माह, और कभी इससे भी अधिक समय तक मुँह ताकना पड़ जाता है। इसके पीछे मालिक के पास अनेक औचित्यपूर्ण कारण होते हैं। वेतन के लिए प्रतीक्षा करना और बिना वेतन के काम करना कर्मचारियों की मजबूरी है।

कर्मचारियों की और भी मजबूरियाँ हैं।

मजबूरियाँ सबसे बड़े नियम होते हैं, और ये मालिक के पक्ष में जाते हैं। मजबूरियाँ मनुष्य को आक्टोपस की तरह जकड़े रहते हैं। 

मालिकचंद के आॅफिस के पास ही दूसरे च्व्यक्ति, सेवकचंद का आॅफिस है। जरूरतमंदों की सहायता करना इनका काम है। ये सूद पर पैसा बाँटने का काम करते हैं। इनका कहना है कि सूद का यह काम वे किसी व्यावसायिक उद्देश्य या लाभ के लिए नहीं करते हैं; समाज-सेवा के लिए करते हैं। यही कारण है कि उधार के रकम पर इनका ब्याजदर बाजार में प्रचलित दर से कम होता है। सूद पर रकम बांटने के अलावा ये दुकानदारी का काम भी करते हैं। इनकी दुकान पर मालिकचंद के सभी जरूरतमंद कर्मचारियों को तमाम तरह की उपभोक्ता वस्तुएँ सहज ही उधार पर उपलब्ध कराई जाती हैं। सेवकचंद अपने नियमों के मामले में बड़े सख्त हैं। मालिकचंद के सारे कर्मचारी और आस-पास के दूसरे कंपनियों के अधिकांश वेतनभोगी इनके बंधे-बंधाये ग्राहक हैं। समाज सेवा के इस काम के सारे नियम इन्हीं के बनाये हुए हैं। पहले ही नियम के अनुसार बांटे गये सारे रकम ब्याज सहित कर्मचारी उर्फ ग्राहक के वेतन से कटकर सीधे इनके खाते में चले आते हैं। कर्मचारियों के खाते में शेष रकम कुछ ही दिन साथ दे पाते हैं। यह क्रम सालों से चल रहा है।

लोग हकीकत जानते हैं; मालिक चंद बहुत बड़ा बहुरूपिया है। मालिकचंद ही स्वांग रचकर सेवकचंद के रूप में बैठा है।
000
kuber

रविवार, 27 दिसंबर 2015

समीक्षा

 समीक्षा
माइक्रो कविता और दसवाँ रंग
-  डाॅ. सुरेश कांत
--------------------------------
दोस्तो, शुभ दिवस|

क्या आप कुबेर को जानते हैं?

मैं यक्षराज कुबेर की बात नहीं कर रहा और न कवि, चित्रकार और दूरदर्शन के मशहूर प्रोड्यूसर स्व. कुबेर दत्त की बात कर रहा हूँ|

मैं युवा व्यंग्यकार कुबेर की बात कर रहा हूँ—ग्राम भोड़िया, डाकघर सिंघोला, जिला राजनांदगाँव—491441 (छतीसगढ़) के निवासी और वहीं आसपास के एक सरकारी स्कूल में व्याख्याता के रूप में कार्यरत कुबेर की| बेशक आपमें से ज्यादातर लोग उन्हें नहीं जानते होंगे|

जानेंगे भी कैसे? वे दिल्ली में जो नहीं रहते| वह दिल्ली, जिसने व्यंग्य-लेखकों को पुष्पित-पल्लवित-पुरस्कृत होने का मुंबई जैसी मायानगरी से भी ज्यादा मौका दिया| मुंबई अमिताभ जैसों को अमिताभ बच्चन बनने का मौका भले देती हो, पर यज्ञ शर्मा जैसा उद्भट और सतत लेखनरत व्यंग्यकार भी वहाँ नौसिखिये व्यंग्यकार की तरह गुमनाम मर गया| जबकि इधर दिल्ली में औसत दर्जे के व्यंग्यकार भी लिखने से ज्यादा दिखने के बल पर पहले धन्य और फिर मूर्धन्य होकर शीर्ष पर पहुंच गए तथा सारे इनामों-इकरामों पर हाथ साफ करते रहे| दिल्ली से बाहर का केवल वही व्यंग्यकार उभर सका, जिसने अपने ही शब्दों में इन्हें मैले की तरह ढोकर अपने चतुर, ज्ञानी होने का परिचय दिया और इनके जरिये भगीरथ की तरह दिल्ली को अपने यहाँ ले गया| ‘अहो रूपं अहो ध्वनि’ के इस निकृष्ट षड्यंत्र से अच्छा लिखने वाले हतोत्साहित हुए और आने वाली पीढ़ी के समक्ष गलत संदेश गया| परिणाम यह हुआ कि लिखने-पढने पर ध्यान देने के बजाय आगे बढ़ने के लिए उन्होंने भी अपने छोटे-मोटे मठ अलग बना लिए और वहां भी वही ऊँट की शादी में गधों के गीत गाने और उन गीतों में एक-दूसरे की प्रशंसा करने की परंपरा शुरू कर दी| अफसोस कि यह परंपरा पूरी निर्लज्जता से जारी है|

कुबेर का पहला व्यंग्य-संग्रह ‘माइक्रो कविता और दसवाँ रंग’ (प्रकाशक : अनुभव प्रकाशन, ई-28, लाजपतनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद—201005 (उत्तर प्रदेश), संस्करण : 2015, पृष्ठ : 160, मूल्य : रु.200) पढ़ने के बाद से मेरे मन में यह सवाल कौंधता रहा है कि दिल्ली की तुलना में छोटी जगह पर रहकर लिखने वाले व्यक्ति के लिए उसकी यह स्थिति किस कदर अभिशाप है!

छोटी-बड़ी 60 व्यंग्य-रचनाओं का यह संकलन काफी अच्छा है, जिसमें उन्होंने धर्म, राजनीति, साहित्य, समाज, अर्थव्यवस्था, भाषा आदि विभिन्न क्षेत्रों में व्याप्त कुरीतियों और विसंगतियों पर प्रहार किया है| इसमें चुनाव जीतने की 'योग्यता' रखने वाले उम्मीदवार हैं, सत्ता में पहुँचाने वाले सिद्धांत और उन्हें लेकर होने वाली लड़ाई है, दाँत निपोरने को कला का दर्जा प्रदान करते कलाकार हैं, पेट में भी दाँत रखने वाले अवतारी पुरुष हैं, पूंछ के ऊपर से बिंदी हटाकर पूछ विकसित करने के तरीके हैं, धर्मनिरपेक्षता की रोटी खाते लोग हैं, भ्रष्टाचार का अवलेह पाक है, पड़ोसी की भूमि पर अतिक्रमण करने के लिए विशिष्ट बनने की प्रक्रिया है और माइक्रो कविता और दसवाँ रस तो है ही| हरिशंकर परसाई की प्रसिद्ध व्यंग्य-रचना ‘इंस्पेक्टर मातादीन चाँद पर’ जैसी एक व्यंग्य-रचना ‘मास्टर चोखे लाल भिड़ाऊ चाँद पर’ भी इसमें है, जिसमें चाँद पर शिक्षा-व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए वहाँ की सरकार के अनुरोध पर आर्यावर्त सरकार द्वारा एक कथित शिक्षाविद को भेजने पर वहाँ फैल जाने वाली अराजकता का वैसा ही जिक्र है।

कुबेर ने पात्रों के सांकेतिक नाम रखकर उनसे व्यंग्य पैदा करने की पुरानी शैली का जमकर उपयोग किया है। तिकड़म जी भाई, दलाल जी भाई, पीटो सिंह, जनता प्रसाद भारतीय उर्फ जेपीबी, चोखेलाल भिड़ाऊ जैसे पात्र अपनी विशेषताएँ खुद बताते हैं| ये नाम अयथार्थ होते हुए भी पाठक को आकर्षित कर लेते हैं| विसंगतियों पर उनकी अच्छी पकड़ है और उन्हें उजागर करने की ललक भी। कुछ कमियाँ भी हैं, पर वे तो उनसे ज्यादा वरिष्ठ व्यंग्यकारों में हैं|

कुबेर को पढ़कर मुझे लगता है कि उन्हें छोटी जगह में रहने का नुकसान तो है, पर वे चाहें तो इसे अपने लाभ में बदल सकते हैं| इस अभिशाप को वे अपने लिए वरदान बना सकते हैं| उन्हें दिल्ली के औसत किंतु सुविधाप्राप्त व्यंग्यकारों से अधिक और बेहतर लिखते रहकर मुकाबले में बने रहना होगा और अंतत: यही उनका संबल बनेगा, यही उन्हें आगे ले जाएगा| मेरी शुभकामनाएँ कुबेर जी और उन जैसे हर संघर्षरत व्यंग्यकार के साथ हैं।

डाॅ. सुरेश कांत 7 एच हिमालय लिजेंड न्याय खण्ड इंदिरा पुरम गाजियाबाद, उत्तरप्रदेश201014

रविवार, 20 दिसंबर 2015

आलेख

 छत्तीसगढ़  में हर चैथे दिन एक किसान ने आत्महत्या किया है 

छत्तीसगढ़ के मात्र तीन जिलों - राजनांदगाँव, बालोद और धमतरी में विगत 27 सितंबर से आज दिनांक तक देढ़ दर्जन किसान आत्म हत्या कर चुके हैं। राजनांदगाँव में आज ही एक और किसान ने आत्महत्या कर लिया है। अर्थात विगत लगभग 80 दिन के दौरान हर चैथे दिन एक किसान ने आत्महत्या किया है। 95 साल पहले आज ही के दिन किसानों के कंडेल नहर सत्याग्रह के समर्थन में महात्मा गांधी पहली बार छत्तीसगढ़ आये थे। आज किसानों के आत्महत्या करने की इस भयावह स्थिति के बावजूद छत्तीसगढ़ की चिंता करने वाला कोई नहीं है और न ही यह भयावह आँकड़ा राष्ट्रीय न्यूज चैनल्स की सूर्खियाँ ही बन पाई है। मुझे शंका होती है कि छत्तीसगढ़ राज्य भारतीय गणतंत्र का ही एक हिस्सा है।

कविता

 फर्क के तर्क

तंत्र की योजनाएँ जन के लिए होती हैं
अतः ये जनतंत्र की होती हैं

तंत्र और जनतंत्र की योजनाएँ
यद्यपि जन के लिए होती हैं
पर इनमें कई गंभीर फर्क होते हैं
क्योंकि इनसे चिपके इनके
अपने कई गंभीर तर्क होते हैं

इनके फर्क और तर्क बड़े सुसंगत होते हैं
इसलिए इनके फर्क के सारे तर्क
तर्कसंगत, विधिसंगत और नीतिसंगत होते हैं
मसलन -

’ये तंत्र के लिए अनिवार्य
और जनतंत्र के लिए ऐच्छिक
तंत्र के लिए सद्य-त्वरित
और जनतंत्र के लिए बहुप्रतीक्षित
तंत्र के लिए सेवा
और जनतंत्र के लिए दया
तंत्र के लिए पैतृक
और जनतंत्र के लिए (आवेदन की) कृपया
तंत्र के लिए अधिकार
और जनतंत्र के लिए भीख
तंत्र के लिए वर्तमान
और जनतंत्र के लिए कालातीत होते है।’

तंत्र की कालातीत योजनाओं से
जनतंत्र बीमार है
तंत्र की हर योजना
योजना नहीं, व्यापार है।
000
kuber

मंगलवार, 15 दिसंबर 2015

शनिवार, 12 दिसंबर 2015

छत्‍तीसगढ़ी कविता

हम कर लेबोन सब काम
('हम होंगे कामयाब'  का छत्तीसगढ़ी रूपान्तरण)
रूपान्तरण - कुबेर

कर लेबोन सब काम, कर लेबोन सब काम,
हम कर लेबोन सब काम एक दिन
ओ हो ..... मन म हे बिस्वास, पक्का हे बिस्वास
हम कर लेबोन सब काम, एक दिन। 

होही शांति चारों खोर, होही शांति चारों खोर,
होही शांति चारों खोर, एक दिन
ओ हो हो ..... मन म हे बिस्वास, पक्का हे बिस्वास
होही शांति चारों खोर, एक दिन।

कर लेबोन सब काम,  कर लेबोन सब काम,
हम कर लेबोन सब काम एक दिन
ओ हो हो ..... मन म हे बिस्वास, पक्का हे बिस्वास।
हम कर लेबोन सब काम, एक दिन।

हम चलबोन संगेसंग, जोर खांधे म खांध
हम चलबोन संगेसंग, एक दिन
ओ हो हो ..... मन म हे बिस्वास, पक्का हे बिस्वास।
हम चलबोन संगेसंग, एक दिन।

कर लेबोन सब काम, कर लेबोन सब काम,
हम कर लेबोन सब काम एक दिन
ओ हो ..... मन म हे बिस्वास, पक्का हे बिस्वास
हम कर लेबोन सब काम, एक दिन। 

नइहे डर ककरो आज, नइहे भय ककरो आज,
नइहे डर ककरो आजे के दिन
ओ हो ..... मन म हे बिस्वास, पक्का हे बिस्वास
हम कर लेबोन सब काम, एक दिन।

 कर लेबोन सब काम, कर लेबोन सब काम,
हम कर लेबोन सब काम एक दिन
ओ हो हो ..... मन म हे बिस्वास, पक्का हे बिस्वास
हम कर लेबोन सब काम, एक दिन।

(होंगे कामयाब, होंगे कामयाब
हम होंगे कामयाब एक दिन
ओ हो हो .. मन में है विश्वास,  पूरा है विश्वास
हम होंगे कामयाब एक दिन)
000

शुक्रवार, 11 दिसंबर 2015

कविता

पता होना जरूरी है


जाने वाला पहुँचने वाला भी होता है
और जहाँ पहुँचना होता है
वह कहीं न कहीं तय होता है

मतलब
कहीं जाने के लिए कहीं जाने वाला
और कहीं का होना जरूरी होता है

और यह भी कि
अनगिन कहीं में से जाने वाले का कहीं
कहीं न कहीं गिना हुआ होता है

इसलिए तय कहीं पर जाने के लिए
तय कहीं पर जाने वाले को
उस तय कहीं का पता भी
पता होना जरूरी होता है

अक्सर, कहीं जाने वाले को
तय कहीं पर भेजने वाला
एक कोई भी होता है

और कोई को कहीं का पता
अक्सर पता होता होता है

कहीं जाने वाला, और उसका तय कहीं
व्यक्ति, वस्तु, स्थान आदि संज्ञाएँ
और इनके स्थान पर आने वाले
मैं तुम और वह आदि सर्वनाम
पत्र, धन और योजनाएँ
ज्ञान, विज्ञान और विचार 
कुछ भी हो सकता है

आजकल हमारे तंत्र में
कोई और कहीं
व्यक्ति और विचार के अलावा
कुछ भी हो सकता है

और यह भी कि
कोई को कहीं का पता
जरूर पता होता होता है
इसलिए कि दोनों वही होता है।
000

मंगलवार, 8 दिसंबर 2015

आलेख

जनसामान्य के हितों के विरुद्ध जाने वाले गीता के  श्लोक की आलोचना विवेकानंद ही कर सकते हैं।

हंस, अक्टूबर 2015 में सुधा चैधरी का लेख ’विवेकानंद की विरासत और मानव स्वात्रंत्य का सवाल’ का पहला भाग छपा है। (इस लेख का दूसरा भाग हंस, नचंबर 2015 में छपा है।) लेख में स्वामी विवेकानंद के प्रगतिशील विचारों का संदर्भ देते हुए प्रश्न उपस्थित किया गया है कि प्रगतिशील विचारों के बावजूद स्वामी विवेकानंद को भारतीय कम्युनिस्टों ने कोई महत्व नहीं दिया और यही कारण है कि वे दक्षिणपंथियों के हाथों में चले गये। लेख में भारत में माक्र्सवाद की विफलता के कारण भी स्पष्ट किये गये हैं। लेख में प्रस्तुत स्वामी विवेकानंद के विचारों के कुछ अंश इस प्रकार हैं - 

’’.... सभी प्राचीन राष्ट्रों में समाज को निर्देशित करने वाली श्रेष्ठ शक्ति, इनके इतिहास के प्रथम काल में ब्राह्मणों या पुरोहितों के हाथ में थी। .... दूसरे वर्गों के साथ संघर्षरत यह ’’अपने उच्च वर्ग की स्थिति से नरक में निम्न रसातल को घसीट लाया गया।’’ ..... सैनिकों (क्षत्रियों) का शासन जिसने पुरोहित के प्रभुत्व का स्थान लिया, निरंकुश व अत्याचारी था ...। व्यापारियों (वैश्यों) का शासन, जो बाद में आया, का यह लाभ था कि हर जगह घूमते हुए उन्होंने पुरोहितों व क्षत्रियों के के शासन के दौरान एकत्रित ज्ञान का  प्रसारण किया। .... परंतु वैश्यों की प्रभुता अब समाप्त हो गई है। भविष्य में शूद्रों की प्रभुता आनी चाहिए। इसके अंतर्गत भौतिक मूल्यों का सही वितरण प्राप्त होगा, समाज के सभी सदस्यों के अधिकारों में संपत्ति पर स्वामित्व पर समानता स्थापित होगी तथा जाति भेद का उन्मूलन हो जायेगा।’

........ विवेकानंद ने न केवल शिक्षा पर द्विज के विशेषाधिकार का युक्तियुक्त खंडन किया है जो जन को शिक्षा से वंचित करते हैं। विवेकानंद गीता के उस श्लोक की निंदा करते हैं जहाँ यह कहा गया है कि - ’’विषयासक्त अज्ञानी मनुष्यों को ज्ञान की शिक्षा देकर उनमें भ्रम न उत्पन्न करना चाहिए, बुद्धिमान मनुष्य को स्वयं कर्म में लगे रहकर अज्ञानी लोगों को सभी कार्यों में लगाये रखना चाहिए।’’ इस संबंध में विवेकानंद ने कहा - पुरातन के ऋषियों के प्रति मेरी असीम श्रद्धा होते हुए भी मैं उनकी लोक शिक्षा पद्धति की आलोचना किये बगैर नहीं रह सकता।’

जनसामान्य के हितों के विरुद्ध जाने वाले गीता के इस श्लोक की आलोचना करने और उसे नकारने की हिम्मत विवेकानंद के अलावा शायद और किसी ने नहीं किया है।
000

सोमवार, 7 दिसंबर 2015

आलेख

कामधेनु अथवा कल्पवृक्ष

बाबरी मस्जिद-राममंदिर का मामला कहानी के हिसाब से सोने के अंडे देने वाली मुर्गी की कहानी के मुर्गी के समान है। कहानी के कथ्य में समानता जरूर दिखाई देता है परंतु देश-काल, परिथिति और मांग बदल जाने के कारण इसमें कई ट्विस्ट्स आ गये हैं। इस प्रेरणादायी कहानी के बेवकूफ नाई ने मुर्गी को मार डाला था। कहानी में प्रेरक तत्व भरने के लिए नाई का यह कृत्य जरूरी था। मुर्गी पालना नाई और उसी के समकक्ष पिछड़ी, दलित और आदिवासियों का काम है। ट्विस्ट्स यहीं से शुरू होता है। जबकि इन शूद्र जातियों के लिए मंदिर की ओर झांकने का भी अधिकार नहीं है तब बाबरी मस्जिद-राममंदिर का मामला इन जातियों के हाथों में हो सकने की कोई कल्पना भी कर सकता है क्या? तो ट्विस्ट्स यह है कि अब कहानी में सोने के अंडे देने वाली मुर्गी के स्थान पर साक्षात कामधेनु विराजित हो चुकी है अथवा कल्पवृक्ष ने अपनी जड़ें जमा ली है। ये दोनों ही अमर हैं। और सनद रहे, यह मामला जिनके हाथों में है वे कोई बेवकूफ नाई भी नहीं हैं। इसलिए इस मसले का कभी अंत भी हो सकता है, ऐसा सपना देखना भी सबसे बड़ी बेवकूफी होगी।

शुक्रवार, 4 दिसंबर 2015

आलेख

उपेक्षा का इससे अच्छा उदाहरण और कहाँ मिलेगा?

नई दुनिया, रायपुर, दिनांक 02 दिसंबर 2015 पृष्ठ 05 में ’’आत्महत्या करने वाले अधिकांश किसान सरकार की नजर में शराबी व झगड़ालू’’ शीर्षक से खबर छपी है। यहीं बाक्स में 12 सितंबर 2015 से 28 नवंबर 2015 के बीच छत्तीसगढ़ में आत्महत्या करने वाले 10 किसानों की सूची दिया गया है जो इस प्रकार है -

1. 12 सितंबर 2015: छुरिया बलाक (जिला - राजनांदगांव) के बादराटोला में किसान उदेराम चंद्रवंशी ने घर में फांसी लगा ली थी।

2. 30 अक्टूबर 2015: छुरिया बलाक (जिला - राजनांदगांव) के किरगाहाटोला में किसान ईश्वर लाल ने अपने खेत में ही फांसी लगा ली थी।

3. 30 अक्टूबर 2015: बालोद के दर्री ग्राम निवासी  किसान रेखू राम साहू ने रात में खुदकुशी कर ली।

4. 15 नवंबर 2015: डोंगरगांव बलाक (जिला - राजनांदगांव) के ग्राम संबंलपुर में किसान हिम्मत लाल साहू ने फांसी लगा ली थी।
5. 16 नवंबर 2015: धमतरी जालमपुर निवासी जुगेश्वर साहू (45 वर्ष) ने कीटनाशक पी लिया।
6. 17 नवंबर 2015: गुरूर ब्लाक के गांव घोघोपुरी के  57 साल के हरबन उर्फ हरधर नायक ने भी कीटनाशक पीकर जान दे दी।

7. 18 नवंबर 2015: डोंगरगढ़ (जिला - राजनांदगांव) के ग्राम ग्राम पंचायत पीटेपानी के आश्रित ग्राम बांसपहाड़ के किसान पूनम उइके ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी।

8. 27 नवंबर 2015: धमतरी जिले के खपरी निवासी किसान राधेश्याम साहू ने जहर सेवन कर आत्महत्या की।
9. 27 नवंबर 2015: डोंगरगांव बलाक (जिला - राजनांदगांव) के ग्राम संबंलपुर के किसान रामखिलावन साहू ने फांसी लगा ली।

10.  28 नवंबर 2015: बालोद जिला के गुंडरदेही विकासखंड अंतर्गगत ग्राम भांठागांव के किसान डोमेश्वर ने की आत्महत्या।

11. और अब आज समाचार छपा है कि 01 दिसंबर 2015 को बालोद जिला के ग्राम भोयनापार लाटाबोड़ निवासी किसान व्यास नारायण टंडन (50 साल) की आत्महत्या से मृत्यु हुई है। व्यास नारायण टंडन ने 24 नवंबर 2015 को जहर सेवनकर आत्महत्या का प्रयास किया था जिसका घमतरी के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था।

विगत तीन महीनों में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, बालोद और धमतरी मात्र तीन जिलों में ही लगभग एक दर्जन किसान आत्महत्या कर चुके हैं, परन्तु न तो यह राष्ट्रीय स्तर का समाचार बन पाया है और न ही राष्ट्रीय चैनल्स इन समाचारों को प्रसारण योग्य ही समझती हैं। छत्तीसगढ़ के किसानों, मजदूरों और आदिवासियों की राष्ट्रीय उपेक्षा का इससे अच्छा उदाहरण और कहाँ मिलेगा?
0