शुक्रवार, 28 जुलाई 2017

from web

समाज तथा राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. रमन सिंह
 Printer-friendly versionSend to friend
मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर किया दो हजार शिक्षकों का सम्मान

लगभग 26.34 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

सेवानिवृत्त विज्ञान शिक्षकों को मिलेगी संविदा नियुक्ति

पेंशनरों का डी.ए. 58 से बढ़कर होगा 65 प्रतिशत


साहित्य के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए अध्यापक श्री कुबेर सिंह साहू को गजानन माधव मुक्तिबोध पुरस्कार 

     रायपुर, 05 सितम्बर 2012

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय राजनांदगांव के स्टेट हाई स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मंच से नीचे शिक्षकों के बीच पहुंचकर उन्हें शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के हाथों इस मौके पर जिले के दो हजार शिक्षक सम्मानित हुए । डॉ. रमन सिंह ने समरोह में प्रदेश सरकार की ओर से यह भी ऐलान किया कि स्कूलों में विज्ञान शिक्षकों की कमी को देखते हुए अब सेवानिवृत्त हो रहे या हो चुके विज्ञान शिक्षकों को संविदा नियुक्ति दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी सेवा निवृत्त शासकीय कर्मचारियों (पेंशनरों) का डी.ए. 58 प्रतिशत से बढ़ाकर पैंसठ प्रतिशत करने की भी घोषणा की।

     शिक्षक सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज तथा राष्ट्र के निर्माण और विकास में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। नई पीढ़ी के निर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व उन पर होता है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि महान दार्शनिक और देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती आज हम सब शिक्षक दिवस के रूप में मना रहे हैं, जो स्वयं एक आदर्श शिक्षक थे। यह शिक्षक समुदाय के लिए गर्व की बात है। हमारे शिक्षकों में समाज को सही दिशा देने की आंतरिक शक्ति होती है। उन्हें अपनी इस शक्ति को पहचानने की जरूरत है। डॉ. रमन सिंह ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आज जो कुछ भी हूं अपने शिक्षकों की बदौलत हूॅ, जिनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से मुझे जीवन में आगे बढ़ने और जनता की सेवा करने का मौका मिला है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अपने शिक्षकों श्रीमती वैष्णव और स्वर्गीय श्री ताराचन्द झा को बड़ी विनम्रता और भावुकता के साथ याद किया।  मुख्यमंत्री ने शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए शिक्षक श्री चुन्नूराम साहू को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया, वहीं उन्होंने साहित्य के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए अध्यापक श्री कुबेर सिंह साहू को गजानन माधव मुक्तिबोध पुरस्कार और आंचलिक लोक-कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए अध्यापक डॉ. पीसी लाल यादव को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार से सम्मानित कर बधाई और शुभकामनाएं दी। तीनों अध्यापकों को मुख्यमंत्री ने ग्यारह-ग्यारह हजार रूपए की सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति पत्र भेंट किया।

डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में आज लगभग 26.34 करोड़ रूपए के विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन किया। इनमें शहर की गरीब बस्तियों के लिए भागीरथी नल-जल योजना के तहत स्वीकृत आठ हजार परिवारों के नल कनेक्शन भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने शहर के कौरिनभाठा  में इसका शुभारंभ किया। इस योजना के तहत गरीब परिवारों को नि:शुल्क नल कनेक्शन देने के लिए लगभग ढ़ाई करोड़ रूपए खर्च किए गए हैं। डॉ. रमन सिंह ने गुरूनानक उच्चतर माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शहर के विकास के लिए विभिन्न निर्माण कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने विद्युत सुविधाओं के विकास और विस्तार के लिए लगभग 16 करोड़ 50 लाख रूपए के निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन और शिलान्यास किया। उन्होंने शहर की 85 सड़कों के डामरीकरण कार्य का भी शुभारंभ किया, जिस पर लगभग सात करोड़ 76 लाख रूपए की लागत आएगी। इस मौके पर आवास एवं पर्यावरण मंत्री तथा जिले के प्रभारी श्री राजेश मूणत, राजनांदगांव के लोकसभा सांसद श्री मधुसूदन यादव, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी, पाठय पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री अशोक शर्मा, विधायक सर्वश्री रामजी भारती और खेदूराम साहू, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री खूबचंद पारख, नगर निगम महापौर श्री नरेश डाकलिया तथा कलेक्टर श्री अशोक अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

क्रमांक- 2374/स्वराज्य

Date:  05 Sep 2012

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें